झांसी। भाद्रपद अमावस्या मेले के अवसर पर चित्रकूट धाम कर्वी जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। 10 सितंबर से 13 सितंबर 2026 तक वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और चित्रकूट धाम कर्वी के बीच दो मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
पहली मेला स्पेशल ट्रेन प्रतिदिन वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन से सुबह 10:10 बजे रवाना होगी और ओरछा, बरुआसागर, निवाड़ी, मऊरानीपुर, हरपालपुर, महोबा, बांदा, अतर्रा सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए शाम 5:45 बजे चित्रकूट धाम कर्वी पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन चित्रकूट धाम कर्वी से शाम 7:25 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 1 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पहुंचेगी।
दूसरी मेला स्पेशल ट्रेन झांसी से रात 8:10 बजे चित्रकूट धाम कर्वी के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव के बाद सुबह 3:05 बजे चित्रकूट धाम कर्वी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन सुबह 4:40 बजे चित्रकूट धाम कर्वी से रवाना होकर पूर्वाह्न 11:10 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन ने ट्रेन संख्या 64613/64614 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-बांदा मेमू का संचालन भी 10 से 13 सितंबर तक आवश्यकतानुसार चित्रकूट धाम कर्वी तक बढ़ाने का निर्णय लिया है।
इसके अलावा प्रयागराज मंडल द्वारा कानपुर और चित्रकूट धाम कर्वी के बीच भी आवश्यकतानुसार एक मेला स्पेशल ट्रेन संचालित की जाएगी।
रेलवे प्रशासन ने भाद्रपद अमावस्या मेले में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से विशेष ट्रेनों की सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।
