झांसी। झांसी रेल मंडल में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए डीएसए ग्राउंड में नवीन तरण ताल के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। मंडल रेल प्रबंधक एवं अध्यक्ष, मंडल खेलकूद संघ अनिरुद्ध कुमार ने विधिवत पूजन-अर्चन के साथ निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
नवीन तरण ताल का निर्माण खेल निधि से करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। इसके बनने से रेल मंडल के खिलाड़ियों, रेलकर्मियों और उनके परिवारों को आधुनिक तैराकी सुविधा उपलब्ध होगी। खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए बेहतर मंच मिलने से उनकी खेल प्रतिभा को निखारने में मदद मिलेगी।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि खेल और शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ जीवनशैली के लिए महत्वपूर्ण हैं। बेहतर खेल अधोसंरचना से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा विकसित करने के लिए आवश्यक वातावरण मिलता है। उन्होंने कहा कि नए तरण ताल से रेलकर्मियों और उनके परिवारों के साथ झांसीवासियों को भी लाभ मिलेगा तथा तैराकी की नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन नंदीश शुक्ल ने बताया कि मंडल खेलकूद संघ की ओर से आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित करने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नए तरण ताल के निर्माण से तैराकी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने में मदद मिलेगी। भविष्य में इसका संचालन मंडल खेलकूद संघ द्वारा किया जाएगा।
