झांसी।महानगर में नवाबाद थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने चेन स्नैचिंग की घटना का महज 10 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया।

मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके साथी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पूरे घटनाक्रम की जानकारी एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि 17 अगस्त को नवाबाद थाना क्षेत्र में महिला से मंगलसूत्र झपटने की घटना सामने आई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की और महज 10 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त को आवास विकास के पीछे शिवाजी नगर निवासी रानी राजपूत अपने पुत्र को स्कूल से लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार और पैदल चल रहे दो युवकों ने उनका पीछा किया। मोहल्ले में पहुंचने पर पैदल चल रहे युवक ने झपट्टा मारकर उनका मंगलसूत्र छीन लिया और दोनों मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
एसपी सिटी के अनुसार, 18 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मसीह्रा रोड से कैलाश रेजीडेंसी जाने वाली सड़क के पास आरोपियों की घेराबंदी की। इसी दौरान आरोपी बिजेंद्र ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जबकि उसके साथी आशीष विश्वकर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिजेंद्र पुत्र शिवदयाल, निवासी ग्राम धुआनी, थाना चिरगांव तथा आशीष विश्वकर्मा पुत्र राकेश विश्वकर्मा, निवासी मोहल्ला बनियान, कोतवालवर, थाना नवाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस, 12 बोर का तमंचा व जिंदा कारतूस, छीना गया मंगलसूत्र, घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल और 1,250 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में थाना नवाबाद में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थाना नवाबाद पुलिस टीम के साथ स्वाट/सर्विलांस टीम शामिल रही।
