झांसी। गल्ला व्यापारी प्रशांत गुप्ता उर्फ मोनू पनिहारी को कानपुर बाईपास रोड पर अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी है ।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भोजला मंडी के गल्ला व्यापारी को दुकान बंद कर घर लौटते हुए बदमाशों ने निशाना बनाया। बदमाशों ने व्यापारी को रुकने का इशारा किया लेकिन उसके नहीं रुकने पर बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। गोली लगने से घायल प्रशांत ने तत्काल अपने चाचा व्यापारी नेता उमेश गुप्ता और अपने नौकर को फोन कर घटना की जानकारी दी।
प्रशांत के चाचा उमेश गुप्ता के अनुसार:
प्रशांत के चाचा उमेश गुप्ता के अनुसार, गोली लगने के बाद भी प्रशांत किसी तरह आगे बढ़े और फोन पर घटना की जानकारी दी। प्रशांत घायल अवस्था में ही पास के अस्पताल तक पहुंच गए ।
घटना की जानकारी मिलते ही उनका नौकर मौके की ओर दौड़ा, क्योंकि वह घटनास्थल के नजदीक था। नौकर ने घायल प्रशांत को वहां से उठाकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। बाद में बेहतर उपचार के लिए प्रशांत को एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका ऑपरेशन किया।
उमेश गुप्ता ने बताया कि परिवार की किसी से पुरानी रंजिश या दुश्मनी नहीं है। संभवतः प्रशांत के बैग में लैपटॉप देखकर बदमाशों को उसमें बड़ी रकम होने का भ्रम हुआ होगा। इसी वजह से बदमाशों ने उसपर गोली चला दी।
इधर, पुलिस के अनुसार 12 अगस्त को सीपरी बाजार थाना पुलिस को निजी अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्वयं अस्पताल पहुंचा है और उसने अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मारने की बात बताई है। पुलिस के मुताबिक घायल की कमर के निचले हिस्से में गोली लगी है और उसकी स्थिति सामान्य है।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया :
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि पुलिस टीमें घटना से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस जल्द ही मामले का निस्तारण करते हुए साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई करेगी।
पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही हमलावरों की पहचान में जुटी है। व्यापारी पर गोली चलाने के पीछे लूट का प्रयास था या कोई अन्य वजह, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
