झांसी। झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए ) की प्रवर्तन टीम ने मंगलवार को अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुसाईं पुरा, मानिक चौक क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृति के बनाए गए 26 दुकानों वाले मार्केट को सील कर दिया। करीब 250 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में निर्मित इस मार्केट के निर्माणकर्ता कैलाश चौधरी और अरविंद अग्रवाल आदि बताए गए हैं।

झांसी विकास प्राधिकरण के अनुसार उक्त मार्केट का निर्माण बिना स्वीकृत मानचित्र के कराया गया था। अवैध निर्माण के संबंध में नियमानुसार सीलिंग आदेश पहले ही पारित किए जा चुके थे। इन्हीं आदेशों के अनुपालन में मंगलवार को प्रवर्तन दल ने मौके पर पहुंचकर दुकानों वाले पूरे निर्माण को सील करने की कार्रवाई की।
प्राधिकरण के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अधिशासी अभियंता के नेतृत्व में पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। इस दौरान झांसी विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता और अवर अभियंता समेत प्रवर्तन टीम के अधिकारी मौजूद रहे।
प्राधिकरण अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृति अथवा नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
