झांसी। चित्रकूट धाम श्रावण अमावस्या मेले में उमड़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने झांसी से चित्रकूट के लिए दो मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। 11 से 13 अगस्त 2026 तक वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन और चित्रकूट धाम कर्वी के बीच दो मेला स्पेशल ट्रेनें संचालित की जाएंगी। इसके अलावा यात्रियों की संख्या बढ़ने पर झांसी-बांदा मेमू को भी आवश्यकता के अनुसार चित्रकूट धाम कर्वी तक बढ़ाया जाएगा।
पहली मेला स्पेशल ट्रेन वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से सुबह 10:10 बजे रवाना होकर शाम 5:45 बजे चित्रकूट धाम कर्वी पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन चित्रकूट धाम कर्वी से शाम 7:25 बजे चलेगी और रात 1 बजे झांसी पहुंचेगी।
दूसरी मेला स्पेशल ट्रेन झांसी से रात 8:10 बजे रवाना होगी और अगले दिन तड़के 3:05 बजे चित्रकूट धाम कर्वी पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन सुबह 4:40 बजे चित्रकूट धाम कर्वी से चलेगी और सुबह 11:10 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पहुंचेगी।
दोनों मेला स्पेशल ट्रेनों को ओरछा, बरुआसागर, निवाड़ी, मऊरानीपुर, हरपालपुर, बेलाताल, कुलपहाड़, महोबा, कबरई, बांदा, अतर्रा, भरतकूप और शिवरामपुर समेत मार्ग के विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। इससे झांसी के साथ-साथ बुंदेलखंड के विभिन्न क्षेत्रों से चित्रकूट जाने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
रेल प्रशासन के अनुसार, गाड़ी संख्या 66613/66614 झांसी-बांदा मेमू का भीड़ की स्थिति के अनुसार चित्रकूट धाम कर्वी तक विस्तार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सामान्य श्रेणी का एक अतिरिक्त रैक कानपुर में स्टैंडबाय रखा जाएगा। यात्रियों की आवश्यकता और भीड़ की स्थिति के अनुसार इसे कानपुर से चित्रकूट धाम कर्वी के बीच संचालित किया जा सकेगा।
रेल प्रशासन ने मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुगम आवागमन और भीड़ प्रबंधन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने की बात कही है। यात्रियों से रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई जा रही अतिरिक्त यात्री सेवाओं का लाभ उठाने और यात्रा के दौरान रेलवे के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
