झांसी ।वीरभूमि की झांसी आध्यात्मिक धरोहर श्री कुंज बिहारी जू सरकार मंदिर में नगर विधायक रवि शर्मा के तत्वावधान में भव्य फूल बंगला उत्सव एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। भगवान श्री कुंज बिहारी जू सरकार के मनोहारी श्रृंगार और दिव्य फूल बंगला के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

भजन-कीर्तन, हरिनाम संकीर्तन और जयघोषों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा। झाँसी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए। भक्तों ने भगवान के दर्शन कर परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
आयोजन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। नगर विधायक रवि शर्मा स्वयं पूरे समय उपस्थित रहे और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। विधायक ने अपनी धर्मपत्नी सुनीता शर्मा और पुत्र परन शर्मा के साथ सैकड़ों साधु-संतों को भोजन कराया और उन्हें अंगवस्त्र भेंट किए।
इस अवसर पर नगर विधायक रवि शर्मा ने कहा कि श्री कुंज बिहारी जू सरकार के चरणों में सेवा का अवसर मिलना उनके और उनके परिवार के लिए परम सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव, सेवा और संस्कार की भावना को मजबूत करने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में एमएलसी रमा निरंजन, जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह, मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे, जिलाधिकारी गौरांग राठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति, नगर आयुक्त आकांक्षा राणा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
