झांसी। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर 24.90 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट की घटना का खुलासा करते हुए दो पुलिस आरक्षियों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के 24.50 लाख रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त क्रेटा कार बरामद की है। मामले में चार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन तथा अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई को गुजरात निवासी किशन दिलीपभाई पांचाल ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके साथ मारपीट कर 24.90 लाख रुपये लूट लिए गए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीमें गठित कर सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की सूचना के आधार पर जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
ऑनलाइन सट्टे में हार के बाद रची गई थी पूरी साजिश
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी सूर्यांश यादव ने बताया कि वह ऑनलाइन सट्टा खेलता था और इसमें करीब 24.90 लाख रुपये हार गया था। सट्टा संचालकों का दबाव बढ़ने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची। योजना के तहत हवाला के जरिए रुपये मंगवाए गए और रास्ते में अपने ही साथियों तथा तीन पुलिसकर्मियों की मदद से रकम लूट ली गई, ताकि मामला वास्तविक लूट का लगे और सट्टे का कर्ज भी चुक जाए।
दो आरक्षी भी निकले आरोपी
पुलिस ने गौरव यादव, सूर्यांश यादव, सुखबीर, सूरज सिंह के अलावा जालौन पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी एपी राघवेंद्र राजपूत और आरक्षी एपी मनोज को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 24.50 लाख रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार बरामद हुई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
चार आरोपी अब भी फरार
पुलिस के अनुसार इस मामले में अंकित यादव, जालौन पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी नीरज राजपूत तथा सतना (मध्य प्रदेश) निवासी नितिन तेजवानी और संस्कार तेजवानी की तलाश जारी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
