गेहूं चुराने वाले तीन शातिर गिरफ्तार

एफसीआई गोदाम के बाहर खड़े ट्रकों से गेहूं चुराने वाले तीन शातिर गिरफ्तार

//
झांसी। जनपद में थाना सीपरी बाजार पुलिस  ने भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के ग्वालियर रोड स्थित गोदाम परिसर के बाहर खड़े ट्रकों से गेहूं की बोरियां चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार,अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में  थाना सीपरी बाजार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम पुत्र रूपचंद्र श्रीवास (21 वर्ष) निवासी ग्राम पीकिया थाना सीपरी बाजार, प्रवीन पुत्र महेश कुमार (18 वर्ष) निवासी ग्राम बवनवां थाना टहरौली तथा रवि पुत्र घनश्याम धोबी (22 वर्ष) निवासी मिल चौराहा थाना सीपरी बाजार के रूप में हुई है।

पूछताछ एवं जांच में सामने आया कि आरोपी भारतीय खाद्य निगम के गोदाम के बाहर खड़े ट्रकों से गेहूं की बोरियां चोरी कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई तीन बोरी गेहूं, जिसका कुल वजन लगभग 150 किलोग्राम है, बरामद किया है। इसके अलावा चोरी की वारदात में प्रयुक्त  मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।
इस मामले में थाना सीपरी बाजार में मुकदमा अपराध संख्या 308/2026 के तहत धारा 303(2) एवं 317(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

यूपीटीईटी के दूसरे दिन परीक्षा में दोनों पालियों में 92 फीसदी से अधिक उपस्थिति

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!