यूपीटीईटी

यूपीटीईटी के दूसरे दिन परीक्षा में दोनों पालियों में 92 फीसदी से अधिक उपस्थिति

//

झांसी। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 के दूसरे दिन जनपद के 20 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और वॉइस रिकॉर्डर की व्यवस्था का सत्यापन किया गया।

नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल तथा पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षार्थियों से संवाद कर उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी ली।

अधिकारियों ने नेशनल हाफिज सिद्दीकी स्कूल सहित कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते हुए प्रवेश पत्रों की गहन जांच, फ्रिस्किंग व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी परीक्षार्थी को इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश न करने दिया जाए।

द्वितीय दिवस की प्रथम पाली में 7,446 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 6,870 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 576 अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति प्रतिशत 92.26 रहा। वहीं, द्वितीय पाली में भी 7,446 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 7,013 परीक्षार्थी उपस्थित हुए और 733 अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति प्रतिशत 94.18 दर्ज किया गया।

परीक्षा के सफल संचालन के लिए 20 केंद्र व्यवस्थापकों, 20 स्टैटिक मजिस्ट्रेटों तथा विभागीय पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई थी। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी गई, जिससे परीक्षा पूर्ण शुचिता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकी।

वैभव सिंह

बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

सीपरी बाजार में चला नगर निगम का पीला पंजा

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!