अवैध खनन

अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई,ठर्रो में अवैध खनन पर एफआईआर

//

झांसी। जनपद में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नियमों के विपरीत खनन, अवैध परिवहन अथवा पट्टा क्षेत्र की सीमा से बाहर खनन करने वाले खनन कारोबारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। अब खनन पट्टा क्षेत्रों की निगरानी ड्रोन तकनीक के माध्यम से भी की जाएगी। अवैध खनन जिलाधिकारी ने कहा कि बालू, मौरम और गिट्टी जैसे खनिज आमजन की जरूरतों से सीधे जुड़े हैं, इसलिए इनके अवैध खनन और परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसामान्य को उचित दरों पर खनिज उपलब्ध कराने के साथ ही खनन व्यवसाय में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

ठर्रो में एफआईआर, कचीर में अवैध भंडारण सीज

जिलाधिकारी के निर्देश पर 3 जून से 8 जून 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान के तहत तहसील गरौठा के ग्राम ठर्रो में स्थलीय निरीक्षण के दौरान 900 घनमीटर बालू-मौरम का अवैध खनन पाया गया। इस मामले में थाना ककरबई में एफआईआर दर्ज कराई गई।

वहीं ग्राम कचीर में 3060 घनमीटर बालू-मौरम का अवैध भंडारण पाए जाने पर उसे सीज कर दिया गया।

पांच तहसीलों में 19 वाहन जब्त

तहसील मोंठ में अवैध खनन में संलिप्त छह ट्रैक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा गरौठा, मऊरानीपुर, मोंठ, सदर और टहरौली तहसीलों में बालू-मौरम, इमारती पत्थर और साधारण मिट्टी के अवैध खनन एवं परिवहन की शिकायतों की जांच के दौरान कुल 19 वाहनों को सीज कर संबंधित थानों की सुपुर्दगी में दिया गया।
इसके अतिरिक्त चार वाहनों के विरुद्ध ई-चालान की कार्रवाई करते हुए 1,87,420 रुपये राजस्व शास्ति के रूप में जमा कराए गए।

बार-बार उल्लंघन पर खनन पट्टा निरस्त

जिलाधिकारी ने बताया कि तहसील गरौठा के ग्राम मोतीकटरा में संचालित बालू-मौरम खनन पट्टाधारक द्वारा लगातार अवैध खनन किए जाने के कारण संबंधित खनन पट्टा निरस्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश उप खनिज (परिहार) नियमावली-2021 के नियम 61 के तहत दोषी पट्टाधारकों के विरुद्ध इसी प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

ड्रोन से होगी निगरानी

अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से तहसील सदर के ग्राम खैलार में इमारती पत्थर के स्वीकृत खनन पट्टा क्षेत्रों का ड्रोन के माध्यम से निरीक्षण और जांच शुरू कर दी गई है।
निरीक्षण के दौरान जिला खान अधिकारी शैलेंद्र सिंह, खनिज इंस्पेक्टर अमित कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहे।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

आईजीआरएस निस्तारण में झांसी रेंज ने लगातार पांचवीं बार हासिल किया प्रदेश में पहला स्थान

Latest from Jhansi

आईजीआरएस निस्तारण में झांसी रेंज ने लगातार पांचवीं बार हासिल किया प्रदेश में पहला स्थान

झांसी। जनसुनवाई समन्वय शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध

error: Content is protected !!