आईजीआरएस

आईजीआरएस निस्तारण में झांसी रेंज ने लगातार पांचवीं बार हासिल किया प्रदेश में पहला स्थान

/
झांसी। जनसुनवाई समन्वय शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण में झांसी पुलिस परिक्षेत्र ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
माह मई 2026 की मूल्यांकन रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश के सभी पुलिस परिक्षेत्रों की रैंकिंग में झांसी रेंज ने लगातार पांचवीं बार प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं, झांसी और जालौन जनपदों ने भी लगातार पांचवीं बार प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।
पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि के निर्देशन में आईजीआरएस एवं समाधान पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित समय सीमा के भीतर विधिक निस्तारण सुनिश्चित किया गया। इसके परिणामस्वरूप झांसी परिक्षेत्र ने वर्ष 2026 में लगातार पांचवीं बार प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त करने की उपलब्धि हासिल की।

इस उपलब्धि पर पुलिस महानिरीक्षक आकाश कुलहरि ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही, प्रभारी आईजीआरएस/सीसीटीएनएस उपनिरीक्षक राजेश सिंह, रेंज कोऑर्डिनेटर विमल कुमार श्रीवास्तव, मुख्य आरक्षी देवेंद्र प्रताप सिंह तथा कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए प्रियंका गुप्ता को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

आईजी ने परिक्षेत्र के सभी जनपद प्रभारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस प्रणाली के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के दौरान शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और शासन की मंशा के अनुरूप पूर्ण मनोयोग से उनके विधिक समाधान के लिए कार्य किया जाए।

उन्होंने कहा कि शिकायतों के निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण से आमजन में पुलिस की सकारात्मक छवि मजबूत होगी तथा पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति विश्वास बढ़ेगा। साथ ही, शिकायतों की संख्या में भी निरंतर कमी आएगी।
झांसी रेंज की यह उपलब्धि जनशिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के प्रति पुलिस प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिससे आम नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

पुलिस ने किया जुए के एक बड़े अड्डे का भंडाफोड़,13 गिरफ्तार

Next Story

अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई,ठर्रो में अवैध खनन पर एफआईआर

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!