झांसी। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू कराने में विपक्ष की नकारात्मक भूमिका और इसको लेकर मातृशक्ति में आक्रोश को उजागर करने वीरांगना नगरी झांसी पहुंची भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने आज एक और जहां महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर भाजपा की प्रतिबद्धता को दोहराया तो वहीं दूसरी ओर विपक्ष पर जमकर निशाना साधा साथ ही साथ उन्होंने बंगाल चुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की मातृशक्ति इस बार चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को वोट देकर ममता बनर्जी को सबक सिखाएगी।

सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से केंद्र सरकार ने स्वच्छता अभियान से लेकर नारी सशक्तिकरण तक कई ठोस कदम उठाए हैं, जिससे महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला है।उन्होंने संसद में चर्चा का उल्लेख करते हुए प्रियंका गांधी और डिंपल यादव पर महिलाओं के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। साथ ही अखिलेश यादव को कार्यकर्ताओं में संस्कार विकसित करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने जिस तरह से मातृशक्ति के हितों पर कुठाराघात किया है उससे महिला वर्ग काफी आहत है और यह चुप नहीं बैठेगा । देश के प्रधानमंत्री मातृशक्ति के साथ खड़े हैं ।देश की मातृशक्ति चुपचाप नहीं बैठेगी ,वह लगातार लड़ेगी और ऐसा ही कुछ बंगाल के चुनाव में भी देखने को मिलेगा।
पिछली बार बंगाल के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सीटों में इजाफा हुआ था और इसके बाद ममता बनर्जी की पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं के घरों में घुसकर उनकी महिलाओं के खिलाफ जिस तरह की बर्बरता की थी उसी का परिणाम है कि आज बंगाल के चुनाव में महिला शक्ति इतनी बड़ी संख्या में बाहर जाकर वोट कर रही है । निश्चित रूप से बंगाल में महिला शक्ति भारतीय जनता पार्टी को वोट देकर ममता बनर्जी को सबक सिखाने का काम करेगी ।उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भी भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी।
सुश्री शाक्य ने कहा कि भाजपा ने बिना भेदभाव के कार्य किया है और मुस्लिम महिलाओं के हित में तीन तलाक के खिलाफ कठोर कानून बनाकर उन्हें न्याय दिलाया। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि वर्ष 2029 तक महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का लक्ष्य है।लखनऊ की मेयर के घर पर हुए हमले को लेकर उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह घटना अस्वीकार्य है और राजनीतिक संस्कारों की कमी को दर्शाती है।
वहीं झांसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा ने भी विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि इनका इतिहास महिला आरक्षण के विरोध से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए सामाजिक बदलाव जरूरी है और देश की मातृशक्ति विपक्ष के रवैये को भूलेगी नहीं।
इस अवसर पर उनके साथ सांसद अनुराग शर्मा, एम एल सी रमा निरंजन, गरौठा बिधायक जवाहरलाल राजपूत, जिलाध्यक्ष भाजपा जिला झांसी प्रदीप पटेल, महानगर जिलाध्यक्ष भाजपा सुधीर सिंह, महिला मोर्चा की महानगर जिलाध्यक्ष सुमन पुरोहित,पूर्व महापौर किरन वर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गुड्डी रानी पटेल, मीनू राजावत, ब्लॉक प्रमुख भारती आर्य, यशोदा कुशवाहा, अपर्णा दुबे,शीतल कुशवाहा,आदि तमाम महिलाएं उपस्थित रहीं।
