झांसी। जनपद के रक्सा क्षेत्र रामगढ़ गांव में बड़ी संख्या में बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी से जुड़ी महिलाओं ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया और एनडीडीबी डेयरी सर्विस के अध्यक्ष मीनेश शाह का पुतला फूंका।

बुंदेलखंड में स्वयं सहायता समूह की महिला डेयरी किसानों के स्वामित्व वाली बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड से जुड़ी 56 गांव की सैकड़ो महिलाओं ने काली पट्टी बांधकर इस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।उन्होंने आरोप लगाया कि जिस संस्था ( बलिनी )को एनडीडीबी डेयरी सर्विस ने टेक्निकल सहयोग फीस लेकर बनाया आज उसी को अपने स्वार्थ की सिद्धि के लिए कुचलने का प्रयास किया जा रहा है ।
चेयरमैन आरती राजपूत के साथ अन्य महिला डेयरी किसानों ने बताया कि बुन्देलखण्ड में स्वयं सहायता समूह की महिला डेयरी किसानों के स्वामित्व वाली बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड का गठन कंपनी अधिनियम 2013 के तहत 24 जनवरी 2019 को उत्तर प्रदेश के बुन्देलखण्ड में डेयरी मूल्य श्रृंखला के विकास, महिला दूध उत्पादक किसानों के हितों की रक्षा एवं उनकी आजीविका संवर्धन के निमित्त झांसी में मुख्यालय स्थापित किया गया।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने जमकर नारेबाजी की और कहा कि बलिनी से 96000 दीदियां जुड़ी है । कंपनी को दूध बेचकर प्राप्त धनराशि सीधा उनके खातों में आती है और बड़ी संख्या में बुंदेलखंड में महिलाओं को बलिनी के माध्यम से रोजगार मिला हुआ है ।
बलिनी के सीईओ ओपी सिंह ने बताया से लगभग 25000 महिलाएं दुग्ध व्यवसाय से जुड़कर भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना लखपति दीदी की श्रेणी में भी आ चुकी है । एनडीडीबी डेयरी सर्विस द्वारा बनाई गई राजस्थान की पायस कंपनी अब बुंदेलखंड क्षेत्र में आ रही है और वह जबरन बलिनी समूह से जुड़े किसानों को गुमराह कर रहे हैं बलिनी के प्रति अविश्वास पैदा कर रहे हैं और बलिनी को कमजोर करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है ।
ऐसा करके वह परस्पर सहयोग के सिद्धांतों का उल्लंघन कर रही है । ऐसी गतिविधियां किसानों के आर्थिक हितों के विपरीत हैं बल्कि ऐसे प्रयासों से उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी डेयरी योजना को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है ।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की । महिलाओं का कहना था कि यह उनकी आय पर और उनकी आर्थिक सक्षमता पर सीधा-सीधा प्रहार है जिसका वह सभी पुरजोर विरोध करती हैं और इसी को लेकर उन्होंने एचडीडीबी डेयरी सर्विस के अध्यक्ष मीनेश शाह का पुतला फूंका है ।सभी ने पुरजोर नारेबाजी करते हुए कहा कि वह अपनी बलिनी पर किसी तरीके का प्रहार या चोट बर्दाश्त नहीं करेंगी और ऐसे किसी भी प्रयास का मुंह तोड़ जवाब देंगी।
