झांसी । बुंदेलखंड के झांसी महानगर स्थित इन्क्यूबेशन सेंटर राइज में इंटर्नशिप ड्राइव 3.0 का सफल आयोजन किया गया।


स्मार्ट सिटी झांसी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी आकांक्षा राणा एवं अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी राहुल यादव के मार्गदर्शन आयोजित इस ड्राइव के तहत बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी में पहले दिन का कार्यक्रम 16 फरवरी आयोजित किया गया, जिसमें 10 से अधिक स्टार्टअप्स द्वारा विद्यार्थियों के साथ प्रारंभिक साक्षात्कार प्रक्रिया संपन्न की गई। कार्यक्रम का द्वितीय दिवस 17 फरवरी इन्क्यूबेशन सेंटर परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें 20 से अधिक स्टार्टअप्स द्वारा विस्तृत इंटरव्यू प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
इस दो दिवसीय इंटर्नशिप ड्राइव में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय सहित विभिन्न महाविद्यालयों के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता की। समापन अवसर पर यह अनुमान व्यक्त किया गया कि लगभग 50 से अधिक अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न स्टार्टअप्स द्वारा किया जाएगा।
अंतिम चयन उपरांत चयनित छात्रों की घोषणा की जाएगी एवं चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित स्टार्टअप्स द्वारा इसी सप्ताह ऑफर लेटर प्रदान किए जाएंगे।
उक्त संपूर्ण कार्यक्रम इन्क्यूबेशन सेंटर की टीम द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों को स्टार्टअप्स एवं उद्योग जगत से जोड़ने, व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने तथा स्थानीय स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ है।
