झांसी। आगामी महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनज़र जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने आज मढ़िया महादेव एवं सिद्धेश्वर मंदिर का आज औचक निरीक्षण किया और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराए जाने को लेकर ज़रूरी दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि महाशिवरात्रि के पर्व पर कोई नई परम्परा न डाली जाए और हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाए। उन्होंने भ्रमण के दौरान मंदिर संचालक एवं पुजारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और बैरिकेटिंग के माध्यम से श्रद्धालुओं को नियंत्रित करने का सुझाव दिया।


इसके अतिरिक्त उन्होंने सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन को पर्व के दिन मंदिरों में होने वाले कार्यक्रमों, शोभायात्रा एवं मेलों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त मात्रा पुलिस बल तैनात किए जाने के निर्देश दिए।
श्री चौधरी ने महाशिवरात्रि पर्व पर जुलूस निकालने वाले मार्ग को भी देखा और मार्ग को सुगम बनाने के लिए नगर निगम सहित अन्य संबंधितों को निर्देश दिये। उन्होंने नगर निगम को निर्देश दिये कि मन्दिरों के आस-पास साफ-सफाई की व्यवस्था कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी सम्बन्धित अधिकारियों से कहा कि त्यौहारों पर पानी व विद्युत तथा सड़क को गड्ढा मुक्त आदि की व्यवस्था कराना सुनिश्चित किया जाये।
जिलाधिकारी ने नगर निगम विद्युत विभाग को निर्देश दिये कि मंदिरों के आस-पास जहां स्ट्रीट लाईट खराब हो गई है या लगी नहीं है वहां स्ट्रीट लाइटों को लगवाएं , बिजली के लटकते तारों को ठीक कराएं ।समस्त अधिकारी नियत समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचे। उन्होंने यह भी निर्देश दिए एक छोटी से छोटी घटना की जानकारी प्राप्त होते ही तत्काल मौके पर पहुंचना सुनिश्चित करें। औचक भ्रमण के दौरान यदि अधिकारी अथवा कर्मचारी नियत स्थान पर नहीं पाया जाता है तो कार्यवाही की जाएगी।
