झांसी। जनपद के थाना बबीना क्षेत्र में बीआईडीए में जमीन अधिग्रहण के मुआवजे के रूप में मिली रकम में धोखाधड़ी कर करीब 80 वर्षीय वृद्ध के 25 लाख रुपये हड़पने का आरोप सामने आया है।
पीड़ित ने रुपये वापस मांगने पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। थाना स्तर पर सुनवाई न होने से परेशान वृद्ध ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
थाना बबीना क्षेत्र के ग्राम बैदोरा निवासी किशनलाल लोधी पुत्र स्व. राजाराम लोधी ने शिकायती पत्र में बताया कि वह अशिक्षित और करीब 80 वर्ष का वृद्ध है। अक्सर बीमार रहने के कारण दूसरों पर निर्भर रहता है। उसकी जमीन बीडा में अधिग्रहित होने पर करीब 20 लाख रुपये का भुगतान हुआ था। आरोप है कि गांव में रहने वाले एक दंपति और उनके पुत्रों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी अशिक्षा और मजबूरी का फायदा उठाया तथा धोखाधड़ी कर करीब 25 लाख रुपये हड़प लिए।
पीड़ित के मुताबिक, जब उसे इस धोखाधड़ी की जानकारी हुई और उसने आरोपियों से रुपये वापस मांगे तो वे आगबबूला हो गए। आरोप है कि सात नवंबर 2026 को सभी ने एकराय होकर उसके साथ मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए गांव छोड़कर चले जाने की धमकी दी। ऐसा न करने पर जान से मारने की चेतावनी दी।
वृद्ध ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी कई बार उसके साथ मारपीट कर चुके हैं। थाना बबीना में शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। पीड़ित का कहना है कि वह घर में अकेला रहता है और उसे अपनी जान का खतरा बना हुआ है। उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर हड़पी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
