झांसी । नगर निगम झांसी और स्मार्ट सिटी की पहल पर राजगढ़ में औद्योगिक कचरे के पुनः उपयोग से विकसित सेल्फी पॉइंट का लोकार्पण किया गया। इसका उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फेंकने की प्रवृत्ति रोकना और नागरिकों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
वेस्ट से तैयार आकर्षक पहल
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडलायुक्त बिमल दुबे ने सेल्फी पॉइंट की सराहना की। उन्होंने सामाजिक संगठनों और औद्योगिक संस्थानों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयासों से ऐसी पहलों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा सकता है।
नए विचारों का स्वागत
विशिष्ट अतिथि नगर आयुक्त एवं झांसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अन्ना सुदन ने कहा कि नगर निगम शहर की स्वच्छता और जनहित से जुड़ी सकारात्मक पहलों का स्वागत करता है। उन्होंने सामाजिक संगठनों एवं औद्योगिक संस्थानों से नए विचारों और प्रस्तावों के साथ नगर निगम कार्यालय आने का आह्वान किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि ऐसे प्रस्तावों पर विचार कर सहयोग से प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
चैंबर ने जताया आभार
बुंदेलखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष धीरज खुल्लर ने सेल्फी पॉइंट की परिकल्पना और उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने नगर निगम प्रशासन, स्मार्ट सिटी और संबंधित अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग से साकार हुई यह पहल स्वच्छ एवं सुंदर झांसी के निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देगी।
कार्यक्रम का संचालन चैंबर के संयुक्त सचिव अमित सिंह ने किया। उन्होंने अतिथियों, अधिकारियों और चैंबर सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
इस अवसर पर चैंबर के महासचिव पवन सरावगी, लखनलाल गुप्ता, संजय राय, अतुल किलपन, राजू परवार, सुशील परेछा, राजीव मेहता और पिताम्बरा बुक्स के विवेक बंसल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। नगर निगम की ओर से नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीत, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राघवेंद्र और स्मार्ट सिटी के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
चैंबर ने नागरिकों, सामाजिक संगठनों और औद्योगिक संस्थानों से स्वच्छ झांसी, सुंदर झांसी और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
