राष्ट्रीय पुस्तक मेले

बीयू में लगने जा रहे राष्ट्रीय पुस्तक मेले में पाठकों के लिए उपलब्ध होंगी एक लाख से अधिक पुस्तकें

//
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (बीयू) में 24 मार्च से शुरू होने जा रहे सात दिवसीय राष्ट्रीय पुस्तक मेले में देश भर से 60 से अधिक प्रकाशक हिस्सा लेंगे और पाठकों के लिए एक लाख से अधिक पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी।
मेले के आयोजक और विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रो़ मुन्नातिवारी ने इस संबंध में शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि परिसर में 24 से 30 मार्च के बीच आयोजित होने जा रहे राष्ट्रीय पुस्तक मेले में एक लाख से अधिक पुस्तकें पाठकों के लिए उपलब्ध होंगी।
राष्ट्रीय पुस्तक मेले
कार्यक्रम में तीन सत्र होंगे। पहले सत्र में साहित्य से जुडे़ विभिन्न मुद्दों पर देश के प्रतिष्ठित साहित्यकार अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। दूसरे सत्र में लेखक से बातचीत कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा।  यहां पाठक और लेखक के बीच सीधा संवाद स्थापित होगा। शाम को बुंदेलखंड की संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा.
 यह पुस्तक मेला किताबों की दुनिया के बीच देश विदेश के कवि, कथाकार, नाटककार, निबंधकार, फिल्मकार,पत्रकार, आलोचक के साथ पाठकों से समय का साक्षात्कार स्थापित करने का माध्यम बनेगा। यहां स्थापित और नवोदित साहित्यकारों की महफिल जमेगी। नवोदित रचनाकारों के लिए यहां ओपन माइक का आयोजन भी किया जाएगा।
एक मंच पर कवि, कथाकार , आलोचक, प्रकाशक के साथ सहृदय – पाठकों को बैठकी होगी। पुस्तक मेला और अखिल भारतीय लेखक शिविर का उद्घाटन 24 मार्च को बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में दोपहर 1 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय की अध्यक्षता में संपन्न होगा।
प्रो सिद्धार्थ सिंह,  कुलपति, नव नालंदा विश्वविद्यालय बिहार मुख्य अतिथि होंगे, प्रसिद्ध कथाकार देवेंद्र मुख्य वक्ता होंगे। लेखक से मिलिए कार्यक्रम 25 मार्च से प्रतिदिन दोपहर 2 से 4 बजे आयोजित किया जाएगा। 26 – 28 मार्च के मध्य हिन्दुस्तानी एकेडमी, प्रयागराज के तत्वावधान में त्रि दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित होगी। इसमें दुनिया के कई देशों में हिंदी की सेवा कर रहे लोग हिस्सा लेंगे। इसी अवधि में युवाओं के लिए सृजनात्मक लेखन कार्यशाला का आयोजन भी किया जाएगा। 29 और 30 मार्च को बुंदेलखंड: एक विमर्श विषय पर चर्चा होगी।

प्रेस वार्ता में डॉ. श्रीहरि त्रिपाठी, डॉ. अचला पांडेय, डॉ. बिपिन प्रसाद, नवीन चंद्र पटेल, डॉ. प्रेमलता श्रीवास्तव, डॉ. सुधा दीक्षित, डॉ. शैलेंद्र तिवारी, डॉ. द्यूती मालिनी, डॉ. आशीष दीक्षित, डॉ. सुनीता वर्मा, डॉ. आशुतोष शर्मा, डॉ. राघवेंद्र, कपिल शर्मा, डॉ. रामनरेश, डॉ. जोगेंद्र, गरिमा, रिचा सेंगर, आकांक्षा सिंह, मनीष मंडल, विशाल, अजय तिवारी आदि मौजूद रहे।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

विश्व जल दिवस: धरती पर जलसंकट मानव प्रजाति की ही करनी, हमें ही उठानी होगी जिम्मेदारी

Next Story

योगी से मिलकर राजीव सिंह पारीछा ने क्षेत्र की समस्याओं पर कराया ध्यानाकर्षण

Latest from Jhansi