झांसी।बुंदेलखंड के झांसी जनपद में गुरसराय थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरगांय मौजे में उस समय हड़कंप मच गया जब खेतों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 07 से 08 किसानों के खेत इसकी चपेट में आ गए। तेज हवा के चलते आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे आसपास के खेतों में भी आग फैलने का खतरा मंडराने लगा ।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। किसी ने ट्रैक्टर से खेतों को बखर कर आग को आगे बढ़ने से रोका, तो किसी ने ट्यूबवेल और पाइप के जरिए पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। कई लोग बाल्टियों और हरी टहनियों की मदद से भी आग बुझाते नजर आए।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घटनाक्रम के बीच सूचना देने के बावजूद करीब एक घंटे से अधिक समय तक दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिली। हालांकि ग्रामीणों की सूझबूझ और एकजुटता के चलते आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस के अनुसार लगभग 20 हेक्टेयर में खड़ी फसल जलकर नष्ट हो गयी। ग्रामीणों ने बताया की खेतों में लगे बिजली के खम्बों में तारों में स्पार्किंग के कारण यह आग लगी । फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
