झांसी 22 जून । उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी द्वारा आयोजित रामोत्सव 2024 के लिए बुंदेलखंड के झांसी जनपद के पांच कलाकारों का चयन किया गया है। यह कलाकार राम पर आधारित कलाकृतियों का निर्माण करेंगे जिसे लखनऊ में प्रदर्शित किया जाएगा।
रामोत्सव 2024 की झांसी जनपद की संयोजक एवं ललित कला संस्थान बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी की समन्वयक डॉ. श्वेता पाण्डेय ने बताया कि अकादमी से प्राप्त दिशानिर्देशों के अनुसार झांसी जनपद के कलाकारों का नाम उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी लखनऊ को भेजा गया था जिसमें से पांच कलाकारों का चयन रामोत्सव 2024 के लिए किया गया है।यह कलाकार राम पर आधारित चित्रों का निर्माण करेंगे जिन्हें लखनऊ में प्रदर्शित किया जाएगा।
डॉ. पाण्डेय ने बताया कि रामोत्सव 2024 के लिए झांसी जनपद के कलाकार गजेंद्र सिंह, तनुज विश्वास, अंजलि राजपूत, अलादीन और शिवांगी सोनी को चयनित किया गया है।उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी द्वारा जारी दिशानिर्देश के अनुसार प्रत्येक चयनित कलाकार को पांच दिनों में रामोत्सव पर आधारित एक चित्र का निर्माण करना है।इसके लिए कैनवास का आकार 36×42 इंच का होना चाहिए। राम के जीवन पर आधारित ही चित्रों का निर्माण किया जाना है।
डॉ. पाण्डेय ने बताया कि बुंदेलखंड क्षेत्र से भगवान का राम बहुत ही गहरा जुड़ाव रहा है। अपने वनवास के समय में अधिकतर समय भगवान राम ने बुंदेलखंड क्षेत्र में ही बिताया है।आज भी बुंदेलखंड में राम की पूजा राजा के रूप में की जाती है। झांसी जनपद का इसके लिए चयन होना गर्व की बात है। उन्होंने आशा जताई कि अकादमी द्वारा चयनित कलाकाररामोत्सव 2024 के लिए विषय आधारित कलाकृतियों का निर्माण करेंगे और प्रदेश एवं देश के स्तर पर अपना और अपने जनपद का नाम करेंगे।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन