झांसी 20 फरवरी। झांसी उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) झांसी रेंज कलानिधि नैथानी ने आज यातायात पुलिस बूथ का औचक निरीक्षण किया और अन्य स्थानों पर भी ऐसे ही बूथों के निर्माण के लिए पत्रावली प्रेषित करने के निर्देश दिये।
समाधान दिवस में हिस्सा लेने के लिए जाते हुए आज डीआईजी नैथानी महानगर के चर्चित इलाइट चौरोहे पर यातायात पुलिस की व्यवस्था देखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस बूथ पर जा पहुंचे।
बूथ पर जाकर उन्हें ज्ञात हुआ कि जनपद में एक ही यातायात पुलिस बूथ है ,इस पर उन्होंने अतिरिक्त बूथों के निर्माण के लिए तत्काल स्थान चिंहित करते हुए झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) के बात कर प्रस्ताव तैयार कर पत्रावली प्रेषित करने के निर्देश दिये।
श्री नैथानी ने झांसी रेंज के सभी जनपदों की यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिये जनपदो में पुलिस ट्रैफिक बूथ में उपलब्ध संसाधनों की कमियों को दूर करने तथा आने वाले मौसम के अनुसार व्यवस्थाएं पूर्ण करने तथा संसाधनों में बढोत्तरी हेतु सम्बन्धित को निर्देश दिये ताकि बूथों पर तैनात पुलिस कर्मचारियों द्वारा पूर्ण मनोयोग के साथ ट्रैफिक व्यवस्था का निर्बाध संचालन किया जा सके।
उन्होंने यातायात में नियुक्त सभी कर्मचारियों को चेकिंग के दौरान मृदुभाषी रहते हुए निर्धारित वर्दी, बॉडीवार्मर कैमरा, रिफलेक्टर हेलमेट व समस्त उपकरणों के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिये। उन्होंने यातायात नियमों का उंल्लघन करने वालों के विरूद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई करने तथा पीए सिस्टम के द्वारा लोगों में यातायात नियमों की जानकारी भी प्रसारित कराने के निर्देश दिये।
इसके बाद श्री नैथानी ने सदर तहसील परिसर में मंडलायुक्त डॉ़ आदर्श सिंह के साथ समाधान दिवस में हिस्सा लिया और पीड़ितों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने संबंधितों को टीम के रूप में मौके पर जाकर मामले के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिये।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन