झांसी । महानगर के थाना कोतवाली पुलिस ने फर्जी फर्म बनाकर करोड़ों रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट यानी आईटीसी घोटाला करने वाले गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम नीरज रंजन गुप्ता है, जो दिल्ली का रहने वाला है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक फर्जी और अस्तित्वहीन फर्म तैयार की थी।इस फर्जी फर्म के जरिए बिना किसी वास्तविक व्यापार के, जीएसटी पोर्टल पर फर्जी रिटर्न दाखिल किए गए और आईटीसी का गलत तरीके से लाभ लिया गया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने करीब 24 करोड़ रुपये के फर्जी लेन-देन दिखाए और लगभग 4.5 करोड़ रुपये का अवैध फायदा उठाया।इतना ही नहीं, आरोपी ने फर्जी इनवॉइस और परिवहन से जुड़े दस्तावेज भी तैयार किए ताकि पूरे फर्जी कारोबार को असली दिखाया जा सके।
पुलिस को आरोपी के लैपटॉप और मोबाइल से व्हाट्सएप चैट के जरिए इस पूरे फर्जीवाड़े के पुख्ता सबूत भी मिले हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
