योगी सरकार के पहला साल पूरा होने पर उपलब्धियां

ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को पूरी राहत प्रदान करायी जाएगी: मौर्य

//

झांसी 25 मार्च। उत्तर प्रदेश योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला साल पूरा होने पर उपलब्धियां बताने वीरांगना नगरी झांसी पहुंची महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग मंत्री बेबी रानी मौर्य ने प्रदेश के झांसी मंडल में हाल में हुई ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान का निष्पक्ष आकलन कराने का आश्वासन देते हुए शनिवार को कहा कि प्रभावित किसानों को पूरी राहत प्रदान करायी जाएगी।

        झांसी जनपद की प्रभारी मंत्री श्रीमती मौर्य ने यहां विकास भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में योगी आदित्यनाथ सरकार के एक साल के कामों का लेखजोखा प्रस्तुत किया। इस दौरान  ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान के आकलन में अनियमितताओं पर उठे सवाल के जवाब में कहा कि इस मुद्दे पर जिलाधिकारी से बात की गयी है। उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि के कारण फसल को हुए नुकसान के आकलन के लिए लेखपाल के साथ एक पार्टी कार्यकर्ता को भेजकर नुकसान की निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिये गए हैं।
उन्होेंने आश्वासन दिया, “जो किसान छूट गये हैं उनको हुए नुकसान का भी सर्वे कराया जा रहा है किसानों को पूरी राहत दी जायेगी।”
उन्होंने झांसी मेडिकल कॉलेज से कोबाल्ट मशीन चोरी की एफआईआर कराये जाने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने और जिला अस्पताल में जन सुविधाओं की कमी को लेकर उठे सवाल के जवाब में अधिकारियों से बात कर मामलों का संज्ञान लेने का आश्वासन दिया।
इससे पहले जिला प्रभारी मंत्री ने योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि योगी सरकार की कई उपलब्धियां हैं जिनमें सबसे बड़ी है अयोध्या का भव्य श्रीराम मंदिर जो 2024 में बनकर तैयार हो जायेगा। दूसरी उपलब्धि है काशी में विश्वनाथ का मंदिर। पहले गलियों से होकर मंदिर तक जाना पड़ता था अब इतना बड़ा कॉरिडोर बना दिया है कि गंगा स्नान और मंदिर में दर्शन बेहद सुलभ हो गये हैं।
उन्होंने कहा, “मेरे विभाग में पहले 30 हजार निराश्रित महिलाओं को पेंशन दी जा रही थी अब लगभग 33-34 लाख महिलाओं को पेंशन मिल रही है। इसी प्रकार कन्या सुमंगला योजना में बेटियों की संख्या बढ़ी है हम 15 करोड़ बच्चों को आंगनवाड़ी के माध्यम से नि:शुल्क पुष्टाहार दे रहे हैं। इसके अलावा कोविड में जिन बच्चों ने अभिभावकों को खो दिया था ऐसे बच्चों को पढाई और भोजन के लिए ढाई हजार और चार हजार रुपये प्रतिमाह सहायता के रूप में उनके खाते में डाल रहे थे। सरकार पारदर्शिता के साथ काम सुनिश्चित कराने के लिए काम कर रही है। नये एयरपोर्ट व एक्सप्रेस वे बनाये गये हैं अनेक विभागों में लगभग डेढ लाख बहनें काम कर रहीं हैं। योगी सरकार दलितों के लिए, गरीबों के लिए और छोटे किसानों के लिए काम कर रही है।”
श्रीमती मौर्य ने कहा, “प्रभारी मंत्री होने के नाते मैं यहां अस्पतालों में सुधार के लिए, ग्रामीण आंचल की बहनों की आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए और बच्चों के स्कूल में अधिक से अधिक दाखिले को लेकर साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ ईमानदारी से लोगों तक पहुंचने के लिए काम करूंगी।”
इस दौरान झांसी सदर विधायक रवि शर्मा, बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, गरौठा विधायक जवाहर सिंह राजपूत, पूर्व महापौर रामतीर्थ सिंघल , जिला पंचायत अध्यक्ष पवन  गौतम ,भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष और अन्य गणमान्य तथा प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

वैभव सिंह

बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

जो देश के खिलाफ बोलेगा उस पर जरुर होगी कार्रवाई : बेबी रानी मौर्य

Next Story

नुक्कड़ नाटक और पोस्टर के माध्यम से दिया जल संरक्षण का संदेश

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!