झांसी।वीरांगना नगरी झांसी में गुरुवार को निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर आचार्य डॉ. स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज की श्रीराम कथा का वैदिक मंत्रोच्चार और श्रीराम स्तुति के साथ भव्य शुभारंभ हुआ।
कथा के आरम्भ होने से पहले पीले परिधानों में सजी हजारों महिलाओं ने बुंदेलखंड की भव्य कलश यात्रा निकाली। श्रीराम के जयघोष और भक्ति गीतों से पूरा महानगर भक्तिमय हो गया।
बड़ा बाजार स्थित श्री मुरली मनोहर मंदिर से निकली कलश यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। रथ पर विराजमान महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरि महाराज यात्रा की शोभा बढ़ा रहे थे। मुख्य चरण सेवक एडवोकेट अनूप कुमार शिवहरे परिवार सहित शामिल हुए। यात्रा मालिनों का चौराहा, सिंधी चौराहा, पंचकुइया चौराहा और पुरानी तहसील होते हुए कथा स्थल पहुंची। रास्ते में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
कथा के प्रथम दिन महाराज ने श्रीराम नाम की महिमा बताते हुए कहा कि श्रीरामचरित मानस की प्रत्येक चौपाई महामंत्र है। इसके श्रवण, मनन और अनुसरण से जीवन में आध्यात्मिक परिवर्तन आता है। उन्होंने कहा कि किसी भी भाव से भगवान का नाम लेने पर दसों दिशाओं में मंगल होता है। भगवान शंकर ने भी माता पार्वती को श्रीराम कथा सुनाई थी। कथा श्रवण तभी सार्थक है, जब व्यक्ति उसके संदेशों का मंथन कर उन्हें अपने जीवन में उतारे। उन्होंने स्वयं को श्रीमद्भागवत का ज्ञाता और रसिक भाव से श्रीराम कथा का अनुरागी बताया।
काशी की तर्ज पर आयोजित इस श्रीराम कथा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री चंद्रपाल सिंह यादव, पूर्व राज्यसभा सांसद, गौतम, राज्य पिछड़ा आयोग के सदस्य कुलदीप विश्वकर्मा, जमना कुशवाहा, प्रदीप सरावगी, अमित साहू, पीयूष रावत, चंद्रप्रकाश मिश्रा, रामबाबू शिवहरे, राजेश्वरी देवी, सोनम, आकाश राय, जयकरन सिंह, जीतू शिवहरे, , वीरेंद्र राय, सुरेंद्र राय और रमेश चंद्र सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
