24 घंटे में गिरफ्तार

महिला की हत्या के चार आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

झांसी। महानगर में सीपरी पुल के पास आपसी विवाद में हुई मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल महिला की मौत के मामले में प्रेमनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया है।

यहां सिविल लाइंस सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर सिमरन सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, सात नवंबर की रात डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि सीपरी पुल के पास रहने वाले कुछ लोगों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई है। इस दौरान एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां आठ नवंबर को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

महिला की मौत के बाद थाना प्रेमनगर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गईं। आरोपियों का कोई स्थायी ठिकाना नहीं होने के कारण उनकी तलाश में कठिनाई आई, लेकिन पुलिस ने लगातार दबिश देकर चारों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल से वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद किया गया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

झांसी मंडल के कई रेलखंडों पर अब 130 किमी की रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें

Next Story

आमने-सामने भिड़ीं बुलेट और कार, युवक की मौत

Latest from बुंदेलखंड

error: Content is protected !!