झांसी। सार्वजनिक सड़क पर कार से खतरनाक स्टंटबाजी करने के मामले में महानगर में नवाबाद पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्टंट में इस्तेमाल कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें कुछ युवक कार से खतरनाक स्टंट करते दिखाई दे रहे थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने मामले का संज्ञान लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी सिटी प्रीति सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर प्रिया सिंह के पर्यवेक्षण में नवाबाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान की।
पुलिस ने 18 अक्टूबर को फायर स्टेशन के पास से अंश प्रजापति (21), निवासी पलक पैलेस के पीछे, थाना कोतवाली को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से स्टंट में इस्तेमाल कार बरामद की गई। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएसएस की उचित धाराओं के तहत कार्रवाई कर नगर मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया।
इसी मामले में वीडियो में दिखाई दिए दूसरे युवक शिवम अहिरवार उर्फ शिवा वारदात (19), निवासी ग्राम मैरी, थाना नवाबाद की पहचान हुई। पुलिस के मुताबिक, वह नवाबाद थाने में दर्ज एक अन्य मुकदमे में भी वांछित था। पुलिस ने उसे मुखबिर की सूचना पर मैरी अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
कार्रवाई करने वाली टीम में नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक अनुज कुमार, उपनिरीक्षक निखिल कुमार और कांस्टेबल सौरभ कुमार व करन पाल शामिल रहे।
