झांसी। बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने महानगर स्थित ओमशांति नगर में बने विधानसभा कार्यालय में शुक्रवार को पाल समाज के साथ एक महत्वपूर्ण चुनावी बैठक की । इस बैठक में विधायक ने न केवल समाज के लोगों से संवाद किया बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में समर्थन जुटाने और प्रदेश में तीसरी बार पार्टी की सरकार बनाने के लिए सहयोग का आह्वान किया।
बैठक का शुभारंभ भारत माता, लोकमाता अहिल्याबाई होलकर, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया गया। मंचासीन समाज के गणमान्य लोगों को अहिल्याबाई होलकर के प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
विधायक ने अहिल्याबाई होलकर के सामाजिक योगदान, सुशासन और जनकल्याणकारी कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने महापुरुषों के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और सामाजिक एकता मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
विधायक ने प्रयागराज के उमेश पाल हत्याकांड का उल्लेख करते हुए पूर्ववर्ती सपा सरकार के कार्यकाल की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और कानून का शासन स्थापित करने को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने विपक्षी दलों पर सरकार के कार्यों को लेकर नकारात्मक माहौल बनाने का आरोप भी लगाया।
कार्यक्रम का संचालन बलवीर पाल ने किया। अंत में भाजपा बबीना ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राजेश पाल ने आभार व्यक्त किया।
