झांसी । महानगर के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय छात्र का शव जंगल में बने तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई।
पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाला अंश अहिरवार गुरुवार शाम घर से खेलने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। करीब 26 घंटे तक तलाश के बाद शुक्रवार देर रात उसका शव घर से करीब तीन किलोमीटर दूर तालाब में मिला। बच्चे के दादा ने हत्या कर शव तालाब में फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जाँच शुरू कर दी है।
हंसारी की हरिजन कॉलोनी निवासी अंश अहिरवार गुरुवार शाम करीब छह बजे चाय पीने के बाद खेलने निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस चौकी में शिकायत की गई। परिजन और पुलिस उसकी तलाश में जुटे रहे। शुक्रवार रात जंगल के तालाब में शव मिलने की सूचना पर परिवार मौके पर पहुँचा और उसकी पहचान अंश के रूप में की।
अंश के दादा तुलसी अहिरवार ने आशंका जताई कि उनके पोते की हत्या कर शव तालाब में फेंका गया है। हालाँकि, अभी हत्या की पुष्टि नहीं हुई है और मौत की वजह भी स्पष्ट नहीं है। अपर पुलिस अधीक्षक सिमरन सिंह के मुताबिक, मामले की जाँच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
अंश के पिता राजेश अहिरवार मजदूरी करते हैं। चार भाई-बहनों में अंश तीसरे नंबर पर था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है।
