झांसी। झांसी जीआरपी की सर्विलांस टीम द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान में गुम और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता मिली है। टीम ने अलग-अलग स्थानों से 360 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 54 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने सत्यापन के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए।
जीआरपी के अनुसार, गुम मोबाइल फोन को तलाशने के लिए तकनीकी सर्विलांस की मदद ली गई। टीम ने मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग, कॉल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य तकनीकी माध्यमों के जरिए मोबाइल फोन को ट्रेस किया। इसके बाद विभिन्न स्थानों से 360 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
मोबाइल फोन वापस मिलने के बाद उनके मालिकों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। लोगों ने जीआरपी की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।
जीआरपी के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक कुल 615 गुम मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। बरामद किए गए इन सभी मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है। जीआरपी का कहना है कि गुम और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।
