झांसी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 33वीं वाहिनी पीएसी झांसी में समारोह उत्साह, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। सेनानायक अजीत कुमार सिन्हा (आईपीएस) की उपस्थिति में वाहिनी क्वार्टर गार्ड में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया।

समारोह में स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों और महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद किया गया। सेनानायक ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग का परिणाम आजादी है। इसकी रक्षा करना तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखना सभी का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि पुलिस बल की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और शांति का वातावरण स्थापित करना भी है। उन्होंने वाहिनी के जवानों से पूर्ण अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा जनता की सेवा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक डॉ. कर्ण सिंह यादव को राष्ट्रपति पदक तथा पीएसी के श्री रामकेवल राम को डीजी महोदय का प्रशंसा चिह्न प्रदान किए जाने का उल्लेख भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं और जवानों को मिष्ठान वितरित किया गया।
समारोह में सहायक सेनानायक प्रथम सैफुद्दीन बेग (DySP), सहायक सेनानायक द्वितीय प्रदीप कुमार (DySP), शिविरपाल मनोज कुमार श्रीवास्तव, सूबेदार, सैन्य सहायक धर्मराज सिंह भदौरिया सहित वाहिनी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
