अवैध खनन

अवैध खनन पर डीएम के कड़े तेवर,ड्रोन से होगी निगरानी

/

झांसी। जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग की बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी गौरांग राठी ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार से आयोजित जिला एवं तहसील स्तरीय टास्क फोर्स समिति की जूम बैठक में उन्होंने साफ कहा कि अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर ऐसी कार्रवाई की जाए जो नजीर बने।

जिलाधिकारी ने जनपद में निर्गत सभी बालू पट्टों का शत-प्रतिशत औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खनन क्षेत्रों में गेट, पिलर, एमएम-11 पर्ची और स्कैनर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। यदि इनमें कोई कमी पाई जाती है तो उसे अवैध खनन मानते हुए नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए और उसकी फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय को भेजी जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में अवैध खनन के खिलाफ एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू की गई है, जिसका उद्देश्य कार्रवाई में एकरूपता, गुणवत्ता और दक्षता बनाए रखना है। उन्होंने अवैध खनन क्षेत्रों की सूची तैयार कर ड्रोन से निगरानी करने के निर्देश दिए। ड्रोन रात के समय भी संचालित किए जाएंगे ताकि अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

उन्होंने एआरटीओ विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि अवैध परिवहन में संलिप्त ब्लैकलिस्टेड वाहनों को सीज़ कर स्क्रैप कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही बिना नंबर प्लेट या गंदी नंबर प्लेट वाले वाहनों पर भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में अवैध परिवहन रोकने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर मानव रहित तकनीक आधारित चेक गेट स्थापित किए गए हैं। इन गेटों पर अलार्म प्रणाली सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ओवरलोडिंग की सूचना तुरंत संबंधित थानों तक पहुंच सके।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

वॉइस ऑफ बुंदेलखंड : 10 प्रतिभागी पहुंचे फाइनल में 

Next Story

फ्लाईओवर पर धधकी स्लीपर बस

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!