झांसी। संत सत रामदास सेवा समिति (सिंधी समाज) के तत्वावधान में अमर शहीद संत कंवर राम साहिब का 141वां जन्मोत्सव सोमवार को गल्ला मंडी रोड स्थित एसएसडी धाम में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सोलहवां सामूहिक जनेऊ संस्कार भी संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान उरई से चार और झांसी से तीन युवाओं सहित कुल सात युवाओं का जनेऊ संस्कार विधि-विधान से कराया गया। संस्कार के बाद सभी को उपहार भेंट किए गए। आयोजन में मौजूद परिजनों और समाज के लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए उत्सव में भाग लिया।
समिति अध्यक्ष रमेश वरयानी के संचालन में पंडित कपिल शर्मा ने जनेऊ संस्कार सम्पन्न कराया। इसके बाद महिला मंडल द्वारा अखंड धुनी साहिब प्रारंभ की गई। सायंकाल मेंडबरा से आए छोटू सांई साहिब ने सत्संग कर प्रवचन दिए, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया।सत्संग के उपरांत अखंड धुनी साहिब का भोग लगाया गया और फिर भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस मौके पर समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य—रमेश वरयानी, ओम रामवानी, गौरीशंकर कारनानी, अमर माखीजा, अर्जुन दास मोटवानी, हरीराम केशवानी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में समिति अध्यक्ष ने सभी का आभार व्यक्त किया।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
