झांसी । जनपद में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला महिला चिकित्सालय में सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी डॉ सुधाकर पांडेय द्वारा सोमवार को किया जाएगा।

इस अभियान के अंतर्गत जनपद की 14 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाली किशोरी बालिकाओं को, जिन्होंने अभी अपना 15वां जन्मदिन नहीं मनाया है, सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी।
यह जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सभी जनपदों में किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने हेतु एचपीवी टीका लगाने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके क्रम में जिला महिला चिकित्सालय में शुरुआत की जा रही है। बाद में अन्य चिकित्सा इकाइयों पर भी यह टीका उपलब्ध कराया जाएगा। सर्वाइकल कैंसर मुख्यतः ह्युमन पेपिलोमा वायरस के कारण होता है।
भारत में महिलाओं में होने वाले ब्रेस्ट कैंसर के बाद दूसरे नंबर पर सबसे अधिक होने वाला कैंसर सर्वाइकल कैंसर अथवा बच्चेदानी का कैंसर है। एचपीवी टीकाकरण में उपयोग में आने वाली वैक्सीन उच्च जोखिम वाले 4 प्रकार के ह्युमन पेपिलोमा वायरस से बचाव करती है और किशोरियों को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से प्रतिरक्षा प्रदान करती है, जिससे बच्चेदानी के कैंसर का खतरा कम होता है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ रविशंकर ने बताया कि वर्तमान में ऐसी किशोरी बालिकाएं जिनकी आयु 14 वर्ष पूर्ण हो चुकी है एवं 15वां जन्म दिवस अभी नहीं मनाया है, उन सभी किशोरी बालिकाओं के माता-पिता और अभिभावकों से सहमति मिलने के पश्चात किशोरियों का टीकाकरण किया जाएगा। इच्छुक किशोरी अथवा अभिभावक का आधार कार्ड आवश्यक होगा। टीकाकरण के पश्चात किशोरियों को टीकाकरण प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा। यह टीका पूर्णतः सुरक्षित है तथा भारत सरकार द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार उपलब्ध कराया जा रहा है।
