झांसी । उत्तर मध्य रेलवे के झांसी रेल मंडल के नवनियुक्त डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने पदभार ग्रहण करने के दूसरे ही दिन मंडल के विभिन्न कार्यस्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों से बातचीत करते हुए कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण की शुरुआत कंट्रोल रूम से हुई, जहाँ उन्होंने समयपालनता सुनिश्चित करने तथा संरक्षित ढंग से ट्रेन संचालन करने के निर्देश दिए। डीआरएम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और उनकी सुविधाजनक यात्रा भारतीय रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्री कुमार ने मानसून को आवश्यक सावधानियों को लेकर निर्देशित किया।
उन्होंने रेल मदद पोर्टल से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर बल देते हुए कहा कि इससे हम अपने ग्राहकों को और बेहतर सुविधाएँ प्रदान कर पाएंगे।
इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक ने वैगन रिपेयर डिपो का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यप्रणाली का विस्तार से अवलोकन किया तथा कर्मचारियों से संवाद किया। उन्होंने डिपो परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा मानकों के पालन, उपकरणों के समुचित रखरखाव एवं कार्य के दौरान सभी सुरक्षा उपायों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने वैगनों की तकनीकी जाँच, मरम्मत, पहियों एवं बोगियों की स्थिति, साथ ही सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक वैगन की मरम्मत उच्च गुणवत्ता और पूर्ण सुरक्षा मानकों के अनुरूप की जाए, जिससे मालगाड़ियों का संचालन निर्बाध, समयबद्ध एवं संरक्षित ढंग से हो सके।
निरीक्षण क्रम में श्री कुमार ने वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफार्म संख्या 1 पर स्थित रिटायरिंग रूम, क्लॉक रूम, पे-एंड-यूज़ टॉयलेट तथा खानपान स्टॉल का निरीक्षण किया। साथ ही फूड कोर्ट और फूड प्लाज़ा का भी जायज़ा लिया।
उन्होंने ‘नो बिल, नो पे’ व्यवस्था का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए तथा साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंडल रेल प्रबंधक द्वारा स्टेशन पर पी ई टी परीक्षा को ध्यान में रखते हुए भीड़ प्रबंधन के बारे में सभी विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया।
तत्पश्चात मंडल रेल प्रबंधक द्वारा गढ़मऊ में बन रहे मालगोदाम के चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और तय समय सीमा में कार्य पूरा करने को कहा।
श्री कुमार ने संरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण समपार फाटक संख्या 123 और पारीछा स्टेशन का भी सघन निरीक्षण किया।
तदोपरांत मंडल रेल प्रबंधक द्वारा मंडल रेल चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का भी औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों का हालचाल जाने के साथ ही साफ सफाई , टॉयलेट और अन्य आधारभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया और उन्हें बेहतर करने हेतु निर्देशित किया। मरीजों की असुविधाओं का होना अस्वीकार्य है।