एरच होली महोत्सव

एरच होली महोत्सव के भव्य आयोजन को लेकर योगी सरकार ने जारी की आर्थिक मदद

//

झांसी। जनपद के एरच  होली  महोत्सव को योगी सरकार से मिलने वाली आर्थिक मदद और प्रोत्साहन के बाद से यह आयोजन हर साल भव्य रूप लेता जा रहा है। इस साल पांच दिनों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में देश के नामचीन कलाकारों को आमंत्रित किया गया है।

इस आयोजन में  स्थानीय बुंदेली संस्कृति के लोकप्रिय कलाकारों को भी मंच प्रदान किया जाएगा। एरच के ऐतिहासिक महत्व पर पुस्तक लिखने वाले लेखक को भी आयोजन में सम्मानित किया जाएगा।

होली एरच महोत्सव का आयोजन 28 फरवरी से 4 मार्च तक किया जाएगा। महोत्सव में तृप्ति शाक्या, चंद्रभूषण पाठक, कैलाश अनुज और जित्तू खरे के कार्यक्रम आयोजित होंगे। राई नृत्य का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। आखिरी दिन बेतवा नदी की भव्य आरती आयोजित होगी। महोत्सव के दौरान लेखक डॉ ओम प्रकाश लाल श्रीवास्तव को सम्मानित किया जाएगा।

डॉ श्रीवास्तव ने एरच के महत्व पर आधारित पुस्तक ‘एरच के अभिलेख एवं सिक्के’ का लेखन किया है। कार्यक्रम में एरच महोत्सव समिति और भक्त प्रहलाद जन कल्याण संस्थान संयोजन की भूमिका निभाएगा। एरच के महत्व पर आधारित एक बुकलेट के विमोचन की भी तैयारी चल रही है।

झांसी के क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी डी के शर्मा ने बताया कि एरच में पांच दिनों का भव्य होली महोत्सव आयोजित होगा। इसमें राष्ट्रीय स्तर के लोकप्रिय कलाकारों और स्थानीय बुंदेली संस्कृति के कलाकारों का संगम देखने को मिलेगा। यह आयोजन एरच की संस्कृति के प्रचार प्रसार का भी माध्यम बनेगा। भक्त प्रहलाद जन कल्याण संस्थान के अध्यक्ष अमित चौरसिया ने बताया कि 28 फरवरी से कार्यक्रमों की शुरुआत हो जाएगी, साथ ही बताया कि पर्यटन विभाग ने आयोजन के लिए धनराशि जारी कर दी है ।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

आवास विकास परिषद की प्रस्तावित आवासीय योजना–4 के खिलाफ फिर हुआ प्रदर्शन

Latest from Jhansi