झांसी 10 दिसंबर। निजामुद्दीन-जबलपुर ट्रेन, गाड़ी संख्या 22182 में एक गर्भवती महिला ने कोच में एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है।
ऑपरेशन “ मातृ शक्ति ” के तहत गाड़ी संख्या 22182 के जनरल कोच संख्या डी-2 में आगरा -धौलपुर के मध्य महिला यात्री की डिलिवरी होने पर ग्वालियर स्टेशन पर शुक्रवार रात नौ बजकर 35 मिनट पर उपस्टेशन प्रबंधक कार्यालय को गाड़ी संख्या 22182 के जनरल कोच में महिला यात्री की डिलिवरी होने और महिला को अटेंड करने की जानकारी मिली।
उक्त सूचना पर एसआई शैलेन्द्र सिंह ठाकुर,एएसआई नरोत्तम मीना, महिला कांस्टेबल अर्चना सिंह द्वारा उक्त गाड़ी को ग्वालियर स्टेशन पर अटेंड किया गया। गाड़ी को उप स्टेशन प्रबंधक अरविंद शर्मा, हेड टीसी विकास श्रीवास्तव , जितेन्द्र कुमार, वरिष्ठ नर्सिंग अधीक्षक, जीआरपी टीआई मय स्टाफ उपस्थित रहे।
महिला यात्री को अर्चना सिंह, नरोत्तम मीना तथा 108 एंबुलेंस स्टाफ की मदद से सकुशल गाड़ी से उतारकर 108 एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय मुरार ले जाकर प्रसूति वार्ड में भर्ती किया गया। जहां इलाज किया जा रहा है। महिला यात्री के पति ने बताया कि उक्त गाड़ी के आगरा स्टेशन निकलने के बाद उनकी पत्नी को लेबर पेन हुआ तथा आगरा – धौलपुर के मध्य महिला सहयात्रियों कि मदद से डिलिवरी हो गई। यात्री दिल्ली से कटनी तक जनरल टिकट संख्या 95807167 पर कोच डी-2 में यात्रा कर रहे थे। जच्चा – बच्चा दोनों स्वस्थ है।
वैभव सिंह