झांसी। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान एवं जनपद न्यायाधीश कमलेश कच्छल के मार्गदर्शन में आज ललित नारायण झा, न्यायाधीश काॅमशियल कोर्ट के मुख्य आतिथ्य में “वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर” का आयोजन किया गया ।
यहां पं0 दीनदयाल सभागार वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित न्यायाधीश काॅमशियल कोर्ट ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये कहा कि न्याय का वास्तविक अर्थ लोगों के चेहरों पर खुशी लाना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आज इस कार्यक्रम में अहम भूमिका निभाई है। आज के कार्यक्रम में इस सभागार परिसर में 34 विभागों के स्टाॅल लगाये गये, जिससे लोगों को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त हो सके। प्रत्येक व्यक्ति को संविधान में दिये गये अधिकारों से जागरुक होना अति आवश्यक है। विभागीय अधिकारी सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाये, जिससे वह न्यायपूर्वक विकास की मुख्य धारा से जुड़ सके।

कार्यक्रम में शरद कुमार चौधरी अपर जिला जज सह नोडल अधिकारी वृहद शिविर ने सम्बोधन में कहा कि विधिक साक्षरता शिविर आमजनमानस को न्याय की प्रक्रिया से जोड़ने का एक प्रमुख साधन है। विधिक शिविर का मुख्य उद्देश्य न्याय को प्रत्येक व्यक्ति के द्वार तक पहुंचाना है, जिससे वह अपनी बात निःसंकोच प्रस्तुत कर सके।
कार्यक्रम की रुपरेखा प्रस्तुत करते हुए सिविल जज सीम डी /सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रतीक त्रिपाठी ने कहा कि हमारे देश का संविधान सभी नागरिकों को अपनी आवाज उठाने, अपने अधिकारों का प्रयोग करने और किसी भी भेदभाव को चुनौती देने की शक्ति प्रदान करता है, इन सिद्धान्तों की पूर्ति के लिए आज इस वृहद विधिक शिविर का आयोजन किया जा रहा है, इसका उद्देश्य लोगों को कानून की जानकारी प्रदान करने के साथ जागरुकता से सशक्तिकरण की ओर एक नया कदम बढ़ाने का सुअवसर प्रदान करना है।
नालसा और सालसा की तरफ से न्याय, सामाजिक व आर्थिक भेदभाव को कम करने के लिए यह विधिक शिविर अनूठी पहल के रुप में शुरु किये गये हैं। सभी जनपद वासियों से यह अपील है कि वह इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाये और इस शिविर को सफल बनाये।
कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों द्वारा उद्योग विभाग में संचालित विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को टूलकिट, उप्र डेवलपमेंट सिस्टम काॅपरेशन द्वारा स्वामी विवेकानन्द योजना के अन्तर्गत विद्यार्थियों को स्मार्ट फोन, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अन्तर्गत दिव्यांग लाभार्थियों को ब्रेल किट, सीपी चेयर, कान की मशीन, ट्राईसाइकिल एवं व्हील चेयर, आपूर्ति विभाग के तहत लाभार्थियों को पोष्टिक आहार सामग्री वितरित की गयी।कार्यक्रम का सफल संचालन समाजसेविका और शिक्षाविद् डाॅ0 नीति शास्त्री द्वारा किया गया।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
