झांसी 13 सितंबर । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आज झांसी और चित्रकूट मंडल में बडी संख्या में शिक्षकों ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
इस क्रम में शिक्षक संयुक्त शिक्षा झांसी मंडल के कार्यालय पर धरने पर बैठे। इस धरना प्रदर्शन में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष और निवर्तमान शिक्षक विधायक सुरेश कुमार त्रिपाठी भी शामिल हुए। प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों का ज्ञापन संयुक्त शिक्षा निदेशक झांसी ने आकर लिया।
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में शिक्षकों ने पुरानी पेंशन की बहाली,वित्त विहीन शिक्षकों को समान कार्य के लिए समान वेतन,तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण,नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा सहित 18 सूत्रीय मांगों को उठाया।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की मंशा प्रदेश के शिक्षकों के लिए ठीक नहीं है।वेतन वितरण अधिनियम को खंडित करने का प्रयास किया जा रहा है। हमारे पूर्वजों द्वारा एकत्र की गयी संपत्ति को लूटा जा रहा है। धारा 21,18 और 12 की समाप्ति की तैयारी कर ली गयी है।
उन्होंने कहा कि प्राप्त उपलब्धियों से छेड़छाड़ को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।उन्होंने शिक्षकों का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षक अब कमर कस लें अगर सरकार ने प्राप्त उपलब्धियों से कोई छेडछाड की तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
इस अवसर पर चित्रकूट और झांसी मंडल के पदाधिकारियों ने भी उपस्थित शिक्षकों को संबोधित किया। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अजय यादव ने धरना स्थल पर आकर धरने का समर्थन किया।
धरने मे बड़ी संख्या में शिक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान चंद्रभान सिंह यादव, मिशन किशोर गुप्ता, प्रवीण चंद्र तिवारी, शिशुपाल सिंह यादव, राजेंद्र पतसरिया,जितेंद्र सोनी, अर्चना नामदेव, सविता भारती, प्रियंका राव, के के बाजपेयी,राजीव श्रीवास्तव,लक्ष्मीकांत आर्य,शिव कुमार खरे आदि सहित सातों जनपदों के अध्यक्ष और मंत्री उपस्थित रहे। धरना सभा का संचालन मंडलीय मंत्री मिलन गुप्ता ने किया।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन