झांसी । जिले में उज्ज्वला योजना के तहत 10 पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेण्डर रिफिल की धनराशि प्रतीकात्मक चेक के माध्यम से वितरित की गई।
यहां पं. दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ लोक भवन में योगी आदित्यनाथ द्वारा आज उज्ज्वला योजना के तहत लाभार्थियों को निःशुल्क सिलेंडर रिफिल का वितरण का सीधा प्रसारण दिखाया गया , जिसमें प्रदेश भर के उज्ज्वला योजना के तहत कुल 1.86 करोड़ पात्र परिवारों को 1500 करोड़ की धनराशि के निःशुल्क रसोई गैस सिलेण्डर रिफिल का वितरण किया गया।

सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जनपद के अधिकारियों और कर्मचारियों व भारी संख्या में उपस्थित महिला लाभार्थियों की उपस्थिति में प्रसारित कार्यक्रम को देखा व सुना गया। इस अवसर पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के सौजन्य से सभी लाभार्थियों को आस्था का ध्वज लहराया, सुख समृद्वि का नया युग आया नामक कलैण्डर 2026 एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से सम्बन्धित उत्तर प्रदेश संदेश पत्रिका का निःशुल्क वितरण किया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार ने जनपदवासियों को होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाये देते हुये पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी लाभ दिलाये जाने को लेकर आश्वस्त किया।उन्होंने बताया कि मुफ्त गैस कनैक्शन में निःशुल्क गैस सिलेण्डर, चूल्हा, रेग्यूलेटर व सेफ्टी पाइप उपलब्ध कराया जा रहा है।जनपद के 10 पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेण्डर रिफिल की धनराशि प्रतीकात्मक चेक के माध्यम से वितरित की गई।
जिला पूर्ति अधिकारी सौम्या अग्रवाल ने अवगत कराया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना से जहां गरीब परिवारों को भोजन बनाना सुविधापूर्ण हुआ, वहीं प्रदूषण रहित वातारण में भोजन बनाना भी संभव हुआ, इसके अतिरिक्त इस योजना से महिला सशक्तीकरण को भी बढ़ावा मिला है।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, उपायुक्त खाद्य विनय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सूचना सुरजीत सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी सौम्या अग्रवाल, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अमित कुमार त्रिवेदी, नोडल अधिकारी ऑयल कम्पनी सूरज प्रसाद, पूर्ति निरीक्षक रविन्द्र कुमार, पूर्वा तिवारी, सुमित सिंह सहित सम्बंधित अधिकारी एवं प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के 400 लाभार्थीगण महिलाये उपस्थित रही। कार्यक्रम का सफल संचालन समाजसेविका डाॅ. नीति शास्त्री द्वारा करते हुये सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी गयी।
