झांसी 07 दिसंबर । झांसी के बरूआसागर क्षेत्र में हाल ही में एक बुजुर्ग महिला की कुल्हाड़ी मारकर की गयी हत्या मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी दामाद को आज गिरफ्तार कर लिया।
यहां पुलिस लाइन में पत्रकारों को इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक-नगर (एसपी सिटी) ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बुजुर्ग महिला रजकू की हत्या मामले में उसके ही दामाद रगुन्थे को आज गिरफ्तार किया गया ।
उन्होंने बताया कि 22 नवंबर 2023 को बरूआसागर थानाक्षेत्र के जरबो गांव में रजकू (75) नामक महिला की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गयी थी।इसके संबंध में महिला के नाती अवधेश की तहरीर पर रजकू के रिश्तेदारों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
घटना की जानकारी मिलने पर जब आलाअधिकारियों , थानापुलिस और फॉरेंसिक की टीम ने मौका मुआयना किया तो अंदेशा हुआ कि महिला का दामाद ही इस हत्याकांड में शामिल है। इसके बाद पुलिस ने पूरी गहनता से जांच शुरू की।साक्ष्य संकलन और जांच में मामले में रजकू के दामाद रगुन्थे की ही संलिप्तता दिखायी दी। रगुन्थे से जब कड़ाई से पूछताछ की तो उसने पूरी सच्चाई बयां की और हत्या में अपनी संलिप्तता को भी स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गयी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। मृतका अपनी संपत्ति बेच कर अपनी बेटी और दामाद के साथ रहती थी।
रगुन्थे ने रजकू के जिन रिश्तेदारों पर रजकू की हत्या करने का आरोप लगाया था, उन लोगों ने 2022 में रगुन्थे के परिजनों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था और रगुन्थे के परिजन जेल भी गये थे। इस मामले को लेकर रगुन्थे उनसे दुश्मनी रखता था। इसी के चलते उसने अपने साथ रजूक की हत्या कर आरोपियों में उन लोगों के नाम मुकदमा दर्ज करा दिया जिनके खिलाफ वह रंजिश रखता था।
एसपी सिटी ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने गहनता और सूझबूझ के साथ की गयी जांच में पूरे मामले का खुलासा हुआ और रजकू के असली कातिल के रूप में उसके दामाद रगुन्थे को गिरफ्तार किया गया। इसका पिछला कोई आपराधिक इतिहास नहीं है केवल रंजिश के चलते ही उसने इस सारे घटनाक्रम को अंजाम दिया।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन