जिला कारागार का सघन मासिक निरीक्षण

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने किया जिला कारागार का सघन मासिक निरीक्षण

/

झांसी।  राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (सालसा) तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कमलेश कच्छल  के दिशा-निर्देशन में  सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण  प्रतीक त्रिपाठी  द्वारा जिला कारागार का सघन मासिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान सचिव महोदय ने जेल परिसर का भ्रमण कर बैरकों की साफ-सफाई, प्रकाश व हवा की व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने जेल की रसोई (भोजनालय) में बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता परखी और जेल अस्पताल का निरीक्षण कर बीमार बंदियों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं की बारीकी से जानकारी ली। उन्होंने जेल में स्थापित लीगल एड क्लीनिक के रजिस्टरों का भी अवलोकन किया ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि बंदियों के प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण हो रहा है।

इस अवसर पर श्री त्रिपाठी जी ने पुरुष एवं महिला बंदियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने बंदियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आर्थिक अभाव या किसी अन्य कारण से कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित नहीं रहना चाहिए। यदि किसी बंदी के पास पैरवी के लिए निजी अधिवक्ता नहीं है, तो उसे प्राधिकरण की ओर से तत्काल निशुल्क लीगल डिफेंस काउंसिल उपलब्ध कराया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, सचिव  ने वरिष्ठ जेल अधीक्षक  विनोद सोनी व जेल प्रशासन को कड़े निर्देश दिए कि बदलते मौसम को देखते हुए बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण और बीमारियों से बचाव के समुचित प्रबंध किए जाएं। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि जेल एक सुधार गृह है, अतः बंदियों के साथ मानवीय व्यवहार हो और उनके अधिकारों का पूर्ण संरक्षण सुनिश्चित किया जाए।

इस मासिक निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान सचिव के साथ वरिष्ठ जेल अधीक्षक विनोद सोनी, चीफ लीगल डिफेंस काउंसिल  प्रतीक समाधिया, अजितेंद्र तिवारी,  दीपक मणि एवं प्राधिकरण के वरिष्ठ सहायक आदिल जाफरी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

झांसी नगर निगम ने बड़े बकायदारों के खिलाफ चलाया किराया वसूली अभियान

Latest from Jhansi