झांसी। झांसी सदर विधायक रवि शर्मा ने महानगर में बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था के कारण आम जनता को हो रही जबरदस्त परेशानी को पूरी ईमानदारी से न केवल स्वीकार किया बल्कि इसको लेकर प्रशासनिक ज्ञान पर सवालिया निशान भी लगाएं।

श्री शर्मा ने महानगर में जाम की दिनोंदिन गंभीर होती समस्या को स्वीकारते हुए कहा कि पिछले तीन-चार महीनों से जबरदस्त रूप से ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा ” सरकार का अंग होने के नाते यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनता को हो रही समस्या को पूरी गंभीरता के साथ उठाएं और उन्होंने बताया कि हाल ही में मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्होंने महानगर की इस भीषण होती समस्या को उठाया भी था ,जिसके बाद ही मुख्यमंत्री ने झांसी जिला प्रशासन को ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने के निर्देश दिए और झांसी के आला अधिकारी सड़कों पर नजर आए।”
श्री शर्मा ने कहा विगत तीन-चार माह से ऐसी परिस्थितियों उत्पन्न हुई जैसी महानगर में पहले कभी नहीं देखी उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के ज्ञान पर पर तंज करते हुए कहा कि पता नहीं किस तरीके से बैरिकेड लगा दिए? कौन ज्ञान देता है प्रशासन को ? तीन मीटर चौड़े इलाइट चौराहे को 8 मीटर तक चौड़ा कर दिया गया ।
शहर भर में लगायी गयी लाइटों को उन्होंने प्रशासनिक बुद्धिमता का प्रतीक बताते हुए कहा किइन लाइटों के माध्यम से आम जनता को केवल चालान ही पहुंचे, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को इन लाइटों से नहीं चलवाया गया।
उन्होंने बताया कि इन सारी समस्याओं की बात जब वह मुख्यमंत्री जी के संज्ञान में लेकर के आए तो उन्होंने स्थानीय प्रशासन को निर्देश किया कि झांसी की यातायात व्यवस्था को सुदृढ किया जाए। झांसी के समस्त प्रशासनिक अधिकारी अभी रोड पर हैं और यातायात व्यवस्था को सुधारने में लगे हुए हैं।
श्री शर्मा ने दो टूक लहजे में कहा कि विधानसभा सत्र के बाद जब वह 24 को क्षेत्र में लौटेंगे और अगर तब तक शहर की यातायात व्यवस्था नहीं सुधरती है तो वह खुद भाजपा के कार्यकर्ताओं को लेकर सड़क पर उतरेंगे। वह 50-60 सीटी लेकर और सिर पर टोपी लगाकर कार्यकर्ताओं के साथ ट्रैफिक चलाने का काम करेंगे।
उन्होंने कहा सरकार जब योगी जी की हो तो किसी भी स्तर पर आम जनता को होने वाली कठिनाई को दूर करने का प्रयास हम सभी को ही करना है।अगर स्थानीय प्रशासन से ट्रैफिक की व्यवस्था नहीं सुधारेगी तो फिर भारतीय जनता पार्टी के लोग वहां पर खड़े होंगे और ट्रैफिक चलाने का काम करेंगे।
