झांसी। महानगर के नवाबाद थाना पुलिस ने हाल ही में हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए शनिवार को मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, अवैध हथियार और मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, झांसी मेडिकल कॉलेज गेट नंबर-2 के सामने गन्ने का रस का ठेला लगाने वाले मोहन सिंह अहिरवार (निवासी दतिया, मध्य प्रदेश) से बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर 16 हजार रुपये और आधार कार्ड लूट लिया था। विरोध करने पर आरोपी उसके साथ मारपीट कर मौके से फरार हो गए थे।
मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बसेरा फार्म के पास कच्चे रास्ते से तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में लूट की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि लूटी गई रकम आपस में बांट ली थी और कुछ पैसे खर्च कर दिए थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ समाधिया, बलराम यादव और कपिल यादव (सभी निवासी दतिया, मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके पास से 7800रुपए नकद, एक पिस्टल (0.32 बोर), एक देसी तमंचा (315 बोर), जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
