झांसी । उत्तर प्रदेश पुलिस भतीॅ एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ द्वारा उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को लेकर झांसी जनपद में अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने तैयारियों की समीक्षा की।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट सहित समस्त केन्द्र व्यवस्थापकों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि आयोजित होने वाली परीक्षा बेहद संवेदनशील और सख्त मॉनिटरिंग के साथ हो रही है, जनपद में नकल किसी भी दशा में बर्दाश्त नही होगी, डुप्लीकेट परीक्षार्थी किसी भी दशा में शामिल नहीं हो, उन्होंने कक्ष निरीक्षकों से सावधानी पूर्वक जांच करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक अभ्यर्थी को अनिवार्य रूप से प्रथम पाली में प्रातः08 बजे से 09.30 बजे तक एवं द्वितीय पाली में 01.00 अपराह्न से 02.30 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा , तदोपरांत परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
नगर में यह परीक्षा 28 केंद्रों पर 14 मार्च और 15 मार्च को संपादित होगी। उन्होंने पुनः परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य अथवा केन्द्र व्यवस्थापकों को परीक्षा केन्द्र में सीसीटीवी कैमरा,वॉइस रिकॉर्डर के साथ विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैम्प आदि की व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद किये जाने तथा परीक्षार्थियों के सामान को अलग कक्ष में जमा कराने की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नकल विहीन और स्वच्छता पूर्ण परीक्षा आयोजित कराने के संबंध में परीक्षार्थियों की तलाशी सावधानीपूर्वक ली जाए, विशेष रूप से महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला शिक्षिका द्वारा ही लिए जाने के निर्देश दिए।परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता, इसके अतिरिक्त सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस के उच्च अधिकारियों द्वारा लगातार भ्रमण किए ज़ाने के निर्देश दिए।
आवश्यक होगा कि अभ्यर्थियों द्वारा अपनायी जा रही नयी-नयी तकनीकों को दृष्टिगत रखते हुए सभी अभ्यर्थियों की बारीकी से जांच की जाए। उन्होंने वर्तमान परिवेश में चश्मे की भी जांच करने के निर्देश दिए।
परीक्षा कक्ष के अन्दर पेन, प्रवेश पत्र व मूल पहचान पत्र के अतिरिक्त अन्य समस्त सामग्री ले जाना वर्जित है। इसका उल्लंघन करने अथवा अभ्यर्थी द्वारा लिखित परीक्षा देते समय किसी अनुचित साधनों का प्रयोग करने, कदाचार के दोषी होने या अन्य अभ्यर्थियों से सहायता लेने अथवा उनकी सहायता करने पर उसे परीक्षा से डिबार करते हुए अभ्यर्थन निरस्त कर दिया जायेगा साथ ही विधिक कार्यवाही भी की जायेगी।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
