झांसी। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशवप्रसाद मौर्य ने आज झांसी भ्रमण के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार की जनता ने भाजपा को आशीर्वाद देकर उनके मुंगेरी लाल के हसीन सपने ध्वस्त कर दिए हैं ।अखिलेश उल्टे सीधे बयान देकर हंसी का पात्र बन रहे हैं।

यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए अखिलेश के भाजपा को सत्ता से बाहर करने सम्बन्धी दावों पर कहा कि बिहार चुनाव हारने के बाद अखिलेश का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है।इसी कारण वह लगातार अनर्गल बयान दे रहे है। जब उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव में एक्सीडेंटली सपा की सीट ज्यादा आई तो अखिलेश को लगा कि उप्र में सरकार बनाएंगे।प्रदेश में इनकी सीट बढ़ी तो लाल टोपी और सपा समर्थक जाली टोपी वाले चारों ओर दिखाई देने लगी थी, लेकिन जैसे ही बिहार चुनाव के नतीजे आये लाल टोपी और उसकी सहयोगी जाली टोपी दोनों गायब हो गए।बिहार के चुनाव ने अखिलेश की राजनीति का अंत और सपा का सूर्य अस्त कर दिया है ।
उन्होंने अखिलेश यादव द्वारा एसआईआर पर आरोप लगाने वाले सवाल पर कहा कि अखिलेश को एसआईआर पर प्रश्नचिन्ह लगाने से पहले अध्ययन करने की आवश्यकता है। चुनाव आयोग मतदाता सूची में शुद्धिकरण कर रहा है। भाजपा उसका स्वागत करती है और मतदाता सूची में शुद्धिकरण में सहयोग कर रही है। मतदाता सूची का शुद्धिकरण होने के बाद जो बूथ लूट कर सत्ता प्राप्त कर प्रदेश लूटते थे ,उनका युग समाप्त हो जाएगा। मतदाता सूची शुद्धिकरण के बाद विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश बनाने में सफलता मिलेगी। गरीब अमीर होगा, धनवान होगा। नौजवानों को रोजगार मिलेंगे, महिला सशक्तिकरण होगा।
उन्होंने बाबरी मस्जिद पर कहा कि वह मस्जिद बनाने का विरोध नहीं करते लेकिन बाबर के नाम से कोई मस्जिद बनाएगा तो उसका अंत हो जाएगा। कफ सीरप प्रकरण पर कहा कि जांच चल रही है दोषियों को सजा मिलेगी।
उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि देश में नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की डबल इंजन की सरकार लगातार बुंदेलखंड के विकास पर कार्य कर रही है। डबल इंजन की सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला आदि के लिए कल्याणकारी, योजनाओं के क्रियान्वय की समीक्षा की गई। इसके बाद समीक्षा में निर्णय लिया गया कि उत्तर प्रदेश में एक समूह बनाकर तीन करोड़ महिलाओं को जोड़ा जाएगा।उसी में एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही निर्णय लिया गया कोई भी परिवार बिना आवास नहीं बचे, गरीबों को अधिक से अधिक लाभ मिले। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड के विकास पर डबल इंजन की सरकार का सबसे ज्यादा फोकस है। महिलाओं को सम्मान मिले। कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रहे।
इस अवसर पर उनके साथ महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह व जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल उपस्थित रहे।
