झांसी । झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग शर्मा ने आज संसद भवन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी जी से भेंट कर क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और यातायात सुधार पर विस्तार से चर्चा की। इस उच्चस्तरीय वार्ता के दौरान सांसद ने झांसी के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति देने का आग्रह किया।

सांसद ने विशेष रूप से एन एच -44 और एन एच-39 को जोड़ने वाले प्रस्तावित इंटरलिंक बाईपास के निर्माण हेतु वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने की मांग की, ताकि इसका निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सके। इसके अतिरिक्त, झाँसी-कानपुर मार्ग (एन एच-27) पर बढ़ते भारी यातायात के दबाव को देखते हुए उन्होंने इसे ‘6-लेन’ में परिवर्तित करने की परियोजना पर बल दिया और इसके लिए जल्द बजट आवंटित करने का अनुरोध किया।
चर्चा के दौरान झांसीलोकसभा क्षेत्र के विभिन्न नगरों को जाम की समस्या से मुक्त करने और आवागमन को सुरक्षित बनाने के लिए ‘रिंग रोड’ के निर्माण पर भी गहन मंथन हुआ। श्री गडकरी ने इन परियोजनाओं के जनहितैषी महत्व को स्वीकार करते हुए आगामी बजट आवंटन में आवश्यक वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने का पूर्ण आश्वासन दिया है।
सड़क बुनियादी ढांचे का यह सुदृढ़ीकरण न केवल आवागमन को सुगम बनाएगा, बल्कि बुंदेलखंड क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगा। सांसद अनुराग शर्मा ने श्री गडकरी सकारात्मक और सहयोगात्मक दृष्टिकोण के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया।
