झांसी । बुंदेलखंड में झांसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में कानपुर हाईवे पर हुए एक भीषण हादसे में तीन वाहन रोडवेज बस, डीसीएम ट्रक और मारुति वैन आपस में भिड़ गए ।
हाईवे पर गोरा मछिया के पास हुई दुर्घटना में रोडवेज बस, डीसीएम ट्रक और मारुति वैन की टक्कर में 15 से 16 लोग घायल हो गए ।


मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी, तभी बस ट्रक से टकरा गई। इसी दौरान पीछे से आ रही मारुति वैन भी अनियंत्रित होकर दोनों वाहनों से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर झांसी मेडिकल कॉलेज भिजवाया। मेडिकल कॉलेज में ईएमओ शिवम मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना में घायल हुए 13 लोगों को इमरजेंसी में लाया गया है सभी का उपचार शुरू हो गया है और कोई भी खतरे में नहीं है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
