झांसी/लखनऊ। भारतेन्दु नाट्य अकादमी, लखनऊ के स्वर्ण जयंती समारोह में झांसी के प्रसिद्ध रंगकर्मी महेंद्र वर्मा को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। अकादमी की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने उन्हें सम्मानित किया।

महेंद्र वर्मा को विशेष रूप से लोक नाट्य के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में प्रदेश भर के कलाकारों और रंगकर्मियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में प्रख्यात लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी, रंगकर्मी एवं फिल्म अभिनेता अनिल रस्तोगी, अकादमी के अध्यक्ष डॉ. रति शंकर त्रिपाठी सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। इसके अलावा चर्चित वेब सीरीज ‘पंचायत’ में विनोद (शिव पाठक) की भूमिका निभाने वाले कलाकार भी समारोह में शामिल हुए।
महेंद्र वर्मा के सम्मानित होने पर झांसी के स्थानीय रंगकर्मियों में खुशी की लहर है। संस्कार भारती के प्रांतीय मंचीय कला सह संयोजक एवं वरिष्ठ रंगकर्मी संजय राष्ट्रवादी ने कहा कि यह सम्मान पूरे झांसी के रंगकर्मियों के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि महेंद्र वर्मा ने लोक रंगमंच के क्षेत्र में जो योगदान दिया है, वह प्रेरणादायक है और आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक साबित होगा।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
