झांसी । महिला जूनियर विश्व कप 2025 के लिए हॉकी इंडिया ने भारतीय टीम की घोषणा कर दी है, जिसमें झांसी नगर को एक बार फिर से गौरवान्वित किया है।विश्वकप के लिए घोषित की गई टीम में झांसी नगर की बेटी ज्योति सिंह को टीम में जगह मिली है।वहीं नगर के लाडले ओलंपियन तुषार खंडकर को भारतीय टीम के कोच पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


खेल विश्लेषक बृजेंद्र यादव ने बताया कि एफआईएच महिला जूनियर हॉकी विश्व कप 2025 का आयोजन 25 नवंबर से 13 दिसंबर के बीच चिली के सेंटियागो में होगा। हॉकी इंडिया ने इस विश्व कप के लिए 18 खिलाड़ियों के साथ दो वैकल्पिक खिलाड़ियों वाली 20 सदस्यीय टीम का ऐलान किया।
भारतीय टीम के कोच तुषार खंडकर ने टीम के चयन को लेकर कहा ”मैं भारतीय टीम और इस समय उनके खेलने के तरीके से बहुत खुश हूं। हॉकी में अनुशासन मेरा मुख्य सिद्धांत है। टीम को बनाते समय मैंने इसी को ध्यान में रखा है, हम कड़े प्रशिक्षण से गुजरे हैं।हमने अपने रक्षात्मक ढांचे और प्रतिद्वंद्वी के स्कोरिंग क्षेत्र में फिनिशिंग पर कड़ी मेहनत की है। पिछले कुछ महीनों में लड़कियों ने अपने खेल में काफी सुधार और परिपक्वता दिखाई है। हम सभी चिली जाने के लिए तैयार और बहुत उत्साहित हैं. लड़कियां विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह से प्रेरित हैं।”
एफआईएच महिला जूनियर हॉकी विश्व कप 2025 के लिए भारतीय टीम:
गोलकीपर: निधि और एंगिल हर्षा रानी मिंज।
डिफेंडर: मनीषा, लालथनलुआलांगी, साक्षी शुक्ला, पूजा साहू, नंदिनी।
मिडफील्डर: साक्षी राणा, इशिका, सुनीता टोप्पो, ज्योति सिंह, खैदेम शिलेइमा चानू, बिनिमा धन।
फॉरवर्ड: सोनम, पूर्णिमा यादव, कनिका सिवाच, हिना बानो, सुखवीर कौर.
वैकल्पिक खिलाड़ी: प्रियंका यादव, पार्वती टोपनो।
